अमलेश्वर। दुर्ग/रुआबांधा। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रुआबांधा में विकासखंड स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी कला और अभिव्यक्ति के जरिए विकसित भारत, स्वच्छता, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों को जीवंत किया। कार्यक्रम में प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक प्रमुख रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद अतिथियों ने कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई चित्रकला का अवलोकन किया। बच्चों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता की अतिथियों ने सराहना की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
‘सेवा, संस्कार और शिक्षा से आएगा सकारात्मक बदलाव’
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े के रूप में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा, संस्कार और शिक्षा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
उन्होंने कहा कि चित्रकला और भाषण जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति की क्षमता और सृजनशीलता विकसित करती हैं। सरकार शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और कौशल विकास पर भी लगातार कार्य कर रही है।
बच्चों की प्रतिभा देखकर विधायक बोले—‘हृदय गदगद हो गया’
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि रुआबांधा विद्यालय के विद्यार्थियों की प्रतिभा देखकर हृदय गदगद हो गया। छोटे-छोटे बच्चों ने चित्रों के माध्यम से विकसित भारत, स्वच्छता और संस्कृति को बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ ही उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
‘विद्यार्थी ही देश का भविष्य’
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और यदि वे छोटी उम्र से ही सेवा एवं संस्कार से जुड़ेंगे तो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साकार करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

कार्यक्रम में मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला राजपूत, कमलेश फेकर, पार्षद सारिका साहू, सविता धवज, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष शकुंतला दास, प्रदेश कन्या संयोजिका संस्कृति वर्मा, कौशल यादव, महामंत्री दशरथ साहू, प्रवीण यदु, स्कूल शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह, प्राचार्य दीप्ती गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।







