अमलेश्वर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक मातर मिलन समारोह का आयोजन पुरातन गांव तरीघाट में स्थानीय यादव समाज द्वारा धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता गांव की प्रथम नागरिक सरपंच चंद्रिका साहू ने की।
समारोह में पहुंचने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं यादव समाज के लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आत्मीय स्वागत किया। स्वागत के पश्चात वे मंच पर विराजमान हुए। इस दौरान ग्रामीणों और समाज के लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मातर मिलन समारोह छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यादव समाज द्वारा प्रतिवर्ष इस तरह का आयोजन किया जाता है, जिसमें गांव के सभी वर्गों के लोग उत्साहपूर्वक शामिल होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी पुरानी परंपराओं को जीवित रखने के साथ ही सामाजिक भाईचारे और आपसी मेल-मिलाप को भी मजबूत करते हैं। यह खुशी की बात है कि गांव के बड़े-बुजुर्ग, महिला, पुरुष और बच्चे सभी एक साथ मिलकर इस उत्सव का आनंद लेते हैं। समारोह में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली। भटगांव धमतरी से पहुंचे कलाकारों द्वारा अखाड़ा खेल का रोमांचक प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने उत्साह के साथ देखा। पारंपरिक कला, शौर्य प्रदर्शन और सांस्कृतिक गतिविधियों ने आयोजन को आकर्षक बनाया।
मातर मिलन समारोह ने एक बार फिर ग्रामीण अंचल में लोक परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम में सरपंच चंद्रिका साहू, उपसरपंच प्रकाश गोस्वामी, स्थानीय यादव समाज के संतु यादव, घनश्याम यादव, मुरारी यादव, नीलकंठ यादव,समय लाल यादव, महेश यादव,पार्वती यादव कुंती यादव,सहित सामाजिक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।







