15 नवंबर को धरमजयगढ़ (रायगढ़) के मुख्य समारोह में शामिल होंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
सूरजपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देश के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के प्रत्येक जिले, विधानसभा और मंडल स्तर पर 11 से 18 नवंबर 2026 तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मना रही है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान की रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी देने के लिए सूरजपुर जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कमल भान सिंह ने भाजपा की कार्ययोजना और केंद्र-राज्य सरकार की उपलब्धियां साझा कीं।
रायगढ़ के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह
पूर्व सांसद कमल भान सिंह ने जानकारी दी कि आगामी 15 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में एक भव्य प्रदेश-स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। इस गरिमामयी कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के मार्गदर्शन में भाजपा जनजातीय समाज के स्वाभिमान, संस्कृति और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
भगवान बिरसा मुंडा और जनजातीय नायकों का महान बलिदान
पत्रकार वार्ता के दौरान जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कमल भान सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध ‘उलगुलान’ का नेतृत्व करते हुए ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ (हमारा देश, हमारा राज) का हुंकार भरा और मात्र 25 वर्ष की अल्प आयु में देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने स्मरण किया कि 1857 की क्रांति से भी एक शताब्दी पूर्व तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, शहीद वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती और गोविंद गुरु जैसे महान जनजातीय नायकों ने स्वतंत्रता संग्राम में अभूतपूर्व योगदान दिया था। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने पहली बार अलग ‘जनजातीय कार्य मंत्रालय’ का गठन किया था, जिसे आज मोदी सरकार के कार्यकाल में नई ऊंचाइयां मिल रही हैं।
मोदी सरकार के कार्यकाल में जनजातीय उत्थान के प्रमुख बिंदु:
ऐतिहासिक राजनीतिक सम्मान: वर्ष 2021 में 15 नवंबर को आधिकारिक तौर पर ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया गया। इसके साथ ही, वर्ष 2022 में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी के रूप में देश को पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति मिलने का गौरव प्राप्त हुआ। वर्तमान में छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज का चहुंमुखी विकास हो रहा है।
बजट और विकास योजनाओं में भारी वृद्धि: जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट वर्ष 2014-15 के ₹4,497.96 करोड़ से बढ़कर वर्ष 2025-26 में ₹14,926 करोड़ (231% की ऐतिहासिक वृद्धि) हो गया है। ‘पीएम जनमन’ (₹24,104 करोड़) और ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ (₹79,156 करोड़) के माध्यम से देश के 63,000 से अधिक गांवों तक 17 केंद्रीय मंत्रालयों की योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका: देश में 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के निर्माण का लक्ष्य है। सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन (लक्ष्य 2047) और आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, लगभग 3,958 वन धन विकास केंद्रों और वनोपज पर बढ़े हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के जरिए जनजातीय परिवारों व महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ और उद्यमी बनाया जा रहा है।
विपक्ष पर तीखा प्रहार: वोट बैंक की राजनीति और नक्सलवाद का अंत
कांग्रेस पार्टी और विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि दशकों तक देश पर शासन करने वाले दलों ने जनजातीय नायकों को इतिहास के हाशिये पर रखा और समाज को केवल ‘वोट बैंक’ की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष आज भी आरक्षण समाप्त होने या समान नागरिक संहिता (UCC) से परंपराएं समाप्त होने का अनर्गल और झूठा भय फैला रहा है। जबकि वास्तविकता यह है कि मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में पहली बार अनुसूचित जनजाति (ST) आरक्षण लागू किया और UCC के दायरे से अनुसूचित जनजातियों को पूरी तरह सुरक्षित रखा है।
श्री सिंह ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की उदासीनता के कारण पनपे नक्सलवाद ने जनजातीय क्षेत्रों को बुनियादी सुविधाओं (शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य) से वंचित रखा था। किंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृढ़ इच्छाशक्ति के परिणामस्वरूप 31 मार्च 2026 तक देश के सभी जनजातीय जिले पूर्ण रूप से नक्सल मुक्त हो चुके हैं, जिससे वहां अब विकास की नई बयार बह रही है।
सूरजपुर जिले में आयोजित होने वाले प्रमुख कार्यक्रम
‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ के तहत सूरजपुर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है:
14 नवंबर: जिले के सभी जनजातीय महापुरुषों के स्मारकों व मूर्तियों की स्वच्छता तथा दीपोत्सव का आयोजन।
15 नवंबर: जिला स्तर पर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं प्रत्येक मंडल स्तर पर भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि।
16 से 18 नवंबर: विधानसभा क्षेत्रों में ‘युवा संवाद’ और ‘जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान’। इसके तहत कार्यकर्ता छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। इसके अलावा स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों/नायकों के परिजनों का अभिनंदन किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के अंत में पूर्व सांसद कमल भान सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की कि वे 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा व क्षेत्रीय जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करें और ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी, जिला उपाध्यक्ष संत सिंह, जिला कोषाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, जिला प्रवक्ता मुकेश गर्ग, जिला मंत्री राजेश्वर तिवारी, जिला अध्यक्ष अजजा मोर्चा अजय श्याम सहित अन्य प्रमुख भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहें।







