अमलेश्वर। पाटन ब्लॉक के ग्राम पंचायत रूही के बस्तीपारा में नवनिर्मित कला मंच का लोकार्पण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की अध्यक्षता जिला पंचायत दुर्ग की सभापति नीलम राजेश चंद्राकर ने की।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत पाटन अध्यक्ष कीर्ति नायक, उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हर्षा लोकमणि चंद्राकर, जनपद पंचायत सदस्य रेखा जोशी, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता पोषण वर्मा एवं रूही के बूथ अध्यक्ष सुरेंद्र सिंगौर उपस्थित रहे।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कला, संस्कृति और पारंपरिक लोक विधाओं को संरक्षण एवं प्रोत्साहन देने के लिए ऐसे मंच और भवन का निर्माण महत्वपूर्ण है। श्रीबघेल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए विकासपरक सोच के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजने तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
जिला पंचायत सभापति नीलम राजेश चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि ग्रामीण विकास केवल सड़क, नाली और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि गांवों की कला, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है सांसद बघेल के नेतृत्व में क्षेत्र में हर जरूरी कार्य सुलभता से पुरे हो रहे है। कार्यक्रम के अंत में सरपंच श्रीमती मोनिका धर्मेंद्र पटेल ने उपसरपंच, पंचगण एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।







