दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पाटन मार्ग पर बुधवार शाम स्कूल से घर लौट रही एक महिला व्याख्याता और ऑटो चालक को दो नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर लूट लिया। आरोपियों ने पहले रास्ता पूछने के बहाने ऑटो रुकवाया, फिर हथियार दिखाकर दोनों को धमकाया और महिला का पर्स तथा ऑटो चालक का मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान ऑटो चालक को चोट भी आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात ग्राम अमेरी और बटंग के बीच हाई स्कूल से लगभग 400 मीटर पहले हुई। महिला व्याख्याता प्रतिदिन की तरह स्कूल से पढ़ाकर ऑटो से अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने ऑटो को रुकने का इशारा किया और पाटन जाने का रास्ता पूछने का बहाना बनाया। जैसे ही ऑटो चालक ने वाहन रोका, दोनों बदमाशों ने अचानक अपना व्यवहार बदल लिया और गाली-गलौज करते हुए चालक के कान पर कट्टा जैसा हथियार अड़ा दिया।हथियार देखकर ऑटो चालक और महिला व्याख्याता घबरा गए। बदमाशों ने महिला से पैसे और पर्स देने को कहा। महिला ने जब पर्स देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ छीना-झपटी शुरू कर दी। इस दौरान बदमाशों ने जबरन पर्स छीन लिया। वहीं ऑटो चालक से भी उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। विरोध करने पर ऑटो चालक के सिर में चोट भी आई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर तेजी से मौके से फरार हो गए। घटना के बाद महिला व्याख्याता और ऑटो चालक किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमलेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।







