अमलेश्वर। दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा, जिला दुर्ग के प्रस्तावित संभागीय स्तरीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रिसाली एवं मरोदा-पुरैना मंडलों में परिचयात्मक एवं संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया गया। दोनों बैठकों में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण तथा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठकों के मुख्य वक्ता भाजपा ओबीसी मोर्चा, जिला दुर्ग के जिला महामंत्री श्री सुरेंद्र साहू ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की अंत्योदय की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने विशेष रूप से ओबीसी वर्ग के अंतर्गत आने वाले सभी समाजों के बीच जाकर सामाजिक समरसता, संवाद और संगठन विस्तार के माध्यम से पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
श्री साहू ने कहा कि आगामी संभागीय सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की शक्ति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समाज के व्यापक जुड़ाव का प्रतीक होगा। सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।
दोनों बैठकों में सम्मेलन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं के बीच विभिन्न दायित्वों का वितरण भी किया गया तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
रिसाली मंडल की बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, जिला मंत्री शैलेंद्र शेंडे, मंडल महामंत्री गुड्डू झा, उपाध्यक्ष सचिन गोस्वामी, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष विक्की सोनी, महामंत्री बलराम यादव, योगेश्वर निर्मलकर तथा नेता प्रतिपक्ष शैलेंद्र साहू सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं मरोदा-पुरैना मंडल की बैठक में श्री सुरेंद्र साहू के साथ ओबीसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष कमलेश हिरवानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू जांघेल, पुनाराम कलिहारी, भूपेंद्र बेलचंदन, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजू धनकर सहित मंडल के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वार्ड एवं नगर क्षेत्र के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दोनों मंडलों में आयोजित इन बैठकों के माध्यम से संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करने तथा आगामी संभागीय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं सक्रियता का वातावरण देखने को मिला।




