अमलेश्वर। तमनार विकासखंड के ग्राम सारसमाल स्थित माध्यमिक शाला के खेल मैदान में गुरुवार को उरांव समाज विकास समिति, छत्तीसगढ़-ओडिशा हिमगिर क्षेत्र द्वारा कर्मा पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भगवान करम देव तथा आराध्य देव भगवान शिव और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कर्मा दलों के आग्रह पर मांदर लेकर आदिवासी समाज के लोगों के साथ पारंपरिक कर्मा नृत्य में शामिल हुए। उन्होंने समाज के लोगों के साथ झूमकर नृत्य किया। उनकी सहज सहभागिता ने आयोजन का उत्साह को और बढ़ा दिया। समाज के पदाधिकारियों ने गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। देश की स्वतंत्रता के संघर्ष में भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और अन्य जनजातीय वीरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन महापुरुषों के योगदान और आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन कर जनजातीय समाज के विकास को संस्थागत आधार दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भी जनजातीय समुदाय के विकास, सम्मान और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। नया रायपुर में स्थापित जनजातीय संग्रहालय के माध्यम से समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और वीर महापुरुषों के योगदान को जानने का अवसर मिलेगा।





