अमलेश्वर। दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बासिन स्थित बासिन डैम में नहाने के दौरान डूबे 16 वर्षीय किशोर का शव एसडीआरएफ दुर्ग की टीम ने सघन तलाशी अभियान के बाद बरामद कर लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर बचाव अभियान चलाया गया। गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान टुकेश साहू, पिता कुंभकरण साहू, उम्र 16 वर्ष, निवासी ग्राम बासिन, चौकी जेवरा सिरसा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। 15 अक्टूबर को बासिन डैम में नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से एसडीआरएफ दुर्ग की प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने मोटर बोट, डीप डाइविंग किट, लाइफ बॉय, लाइफ जैकेट और सर्च हुक की मदद से गहरे जलक्षेत्र में तलाश शुरू की। पानी की गहराई और प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच गोताखोरों ने लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ के कुशल गोताखोर राजकुमार यादव ने किशोर के पार्थिव शरीर को पानी से बाहर निकाल लिया।
शव बरामद होने के बाद उसे पंचनामा एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया। घटना से ग्राम बासिन क्षेत्र में शोक का माहौल है।
यह कार्रवाई जिला सेनानी, नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं, दुर्ग के निर्देशन में एसडीआरएफ दुर्ग संभाग की टीम द्वारा की गई।





