दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने भिलाई के एक मकान में चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर 12 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 16 हजार रुपये नकद और करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन सहित ताश की पत्तियां जब्त की हैं। मामला भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 कैंप का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड 34 कैंप के एक मकान में अवैध रूप से जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम और एसीसीयू की टीम मौके पर पहुंची और मकान में दबिश दी। इस दौरान मौके पर 12 लोग जुआ खेलते हुए मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 16 हजार रुपये की नकदी, ताश की पत्तियां और करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत छावनी थाना में अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई में महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेम प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध जुआ गतिविधियों को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।







