रायपुर। रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही 22 वर्षीय युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवती पर दूसरे युवक से बातचीत करने का शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने युवती के साथ मारपीट कर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान भारती नेताम (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कांकेर जिले के ग्राम कोकपुर की रहने वाली थी। वह रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी और बोरियाकला स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रह रही थी। वहीं आरोपी सावंत बघेल (23 वर्ष), मूल रूप से कोंडागांव जिले का निवासी है और रायपुर के रावतपुरा सरकार महाविद्यालय, धनेली में डीएलएड का छात्र है। जांच में पता चला कि वर्ष 2025 में दोनों की मुलाकात इंटर्नशिप के दौरान हुई थी। इंटर्नशिप समाप्त होने के बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए और पिछले छह से सात महीनों से दोनों बोरियाकला स्थित एलआईजी ब्लॉक नंबर-9 के मकान नंबर 141 में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। इसकी जानकारी मृतका ने अपनी बहन देविका नेताम को भी दी थी।
मृतका की बहन ने पुलिस को बताया कि भारती अक्सर फोन पर बताती थी कि सावंत उस पर दूसरे लड़कों से बात करने का शक करता है और इसी बात को लेकर उसके साथ मारपीट करता रहता था। घटना वाले दिन यानी 4 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे भारती ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि सावंत ने उसके साथ फिर मारपीट की है। उसने घर वापस आने की इच्छा जताई और पैसों की जरूरत बताई। इसके बाद उसकी बहन ने ऑनलाइन माध्यम से उसके खाते में 3,000 रुपये भेजे। कुछ समय बाद परिवार को सूचना मिली कि भारती को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल लाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव का परीक्षण किया। जांच में युवती की बाईं आंख के नीचे, कनपटी, ठुड्डी और गर्दन के पीछे चोट के निशान मिले। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
परिजनों की शिकायत और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मुजगहन थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 182/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के अंतर्गत हत्या का मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के बाद आरोपी ने अपने कुछ साथियों को भी पूरी घटना की जानकारी दी थी। उसने बताया था कि भारती के किसी अन्य युवक से बातचीत करने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने मारपीट की और गला दबा दिया। युवती के बेहोश होने पर वह अपने साथियों के साथ उसे अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और पूछताछ के आधार पर आरोपी सावंत बघेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि घरेलू हिंसा, रिश्तों में अविश्वास और संदेह जैसी स्थितियां कई बार गंभीर अपराध का रूप ले लेती हैं। ऐसे मामलों में समय रहते संवाद और कानूनी सहायता लेना बेहद जरूरी है।







