रायपुर। आपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में तिल्दा नेवरा पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। गोपनीय सूचना के आधार पर भारती बगवानी नामक महिला को अवैध रूप से गांजा बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली कि भारती बगवानी अपने चाय-नास्ता ठेले के अंदर, तिल्दा स्थित पटवारी ऑफिस के पास, रंग-बिरंगे फूल का थैला बनाकर सफेद रंग के थैले में मादक पदार्थ गांजा रखकर बिक्री कर रही है। सूचना पर पुलिस ने अफरा-तफरी और आरोपी के मौके से फरार होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए रेड कार्यवाही की।
ठेले की तलाशी लेने पर महिला आरोपी के पास से कुल 3.737 किलो गांजा, 33 नग गोगो कोन और एक छोटा इलेक्ट्रॉनिक बैटरी चालित तराजू बरामद किया गया। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1,73,700 रुपये आंकी गई। तिल्दा नेवरा पुलिस ने आरोपी भारती बगवानी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 235/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीकृत किया। माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केन्द्रीय जेल रायपुर में दाखिल किया गया।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रायपुर श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई संपन्न हुई। थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसमें सउनि शंकर लाल वर्मा, सउनि अमिला नाग, महिला आर. प्रज्ञा दादर, आर. किशोर शर्मा, आर. महेन्द्र वर्मा और आर. संदीप सिंह शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आपरेशन निश्चय के तहत नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार रेड और त्वरित कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाना और क्षेत्र में शांति तथा सुरक्षा बनाए रखना है।





