ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने आईपीएल में एक बार फिर निराशाजनक प्रदर्शन किया। पिछले सीजन में सातवें पायदान पर फिनिश करने वाली एलएसजी आईपीएल 2026 अंक तालिका में सबसे फिसड्डी यानी दसवें नंबर पर रही। लखनऊ टीम ने 14 मैचों में से चार जीते और आठ गंवाए। पंत ब्रिगेड को अपने अंतिम लीग मैच में लखनऊ में पंजाब किंग्स के हाथों सात विकेट से शिकस्त मिली। एलएसजी का अभियान समाप्त होने के बाद पंत का एक इमोशनल वीडियो वायरल हो रहा। 28 वर्षीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने फैंस का शुक्रिया अदा किया है। पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2025 के ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। पंत से पहले एलएसजी के कप्तान केएल राहुल थे, जो अब दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) का हिस्सा हैं।
‘इतना भरोसा करने के लिए शुक्रिया’
पंत ने वीडियो में कहा, ”बहुत-बहुत शुक्रिया। आप जानते हैं कि यह एक मुश्किल सीजन रहा। इसमें बहुत मेहनत लगी, किसी भी चीज की परवाह किए बिना, आने के लिए धन्यवाद। हम एक टीम के तौर पर अच्छा करेंगे। एकसाथ मिलकर काम करेंगे। इतना भरोसा करने के लिए शुक्रिया।” एलएसजी का अभियान समाप्त होने के बाद सपोर्टर्स को पंत का भावुक संबोधन ऑनलाइन चर्चा का विषय बन गया है। कई फैंस ने इसे विकेटकीपर-बल्लेबाज पर भारी दबाव का संकेत माना। एक यूजर ने कमेंट किया, ”आप ईमानदारी से पंत की बातों में निराशा महसूस कर सकते हैं।” दूसरे ने लिखा, ”वह अपने करियर और शोहरत की पीक पर थे, जब एलएसजी ने उनके लिए बोली लगाई। उसके बाद सब कुछ नीचे की ओर चला गया।” अन्य ने कहा, ”एलएसजी का डाउनफॉल पंत की वजह से नहीं, बल्कि केएल राहुल के जाने की वजह से शुरू हुआ। एलएसजी ने राहुल को रिलीज करके गलती की थी।”
पंत से छिन सकती है LSG की कप्तानी
पिछले दो सीजन में अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाने के कारण ऋषभ पंत से एलएसजी की कप्तानी छिन सकती है क्योंकि उसके क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने स्वीकार किया है कि यह विकेटकीपर-बल्लेबाज दबाव को झेलने में असफल रहा। मूडी ने पंजाब किंग्स से मिली हार के बाद पत्रकारों से कहा, ”अगर कप्तानी की बात करें तो निश्चित तौर पर उन्हें यह चुनौतीपूर्ण लगी है और परिणाम इसे दर्शाते हैं।” उन्होंने कहा, ”हमें इस पर विचार करना होगा कि इस दबाव का बल्लेबाजी में उनके प्रदर्शन पर भी तो असर नहीं पड़ रहा है। मैं जानता हूं कि यह सत्र हमारे लिए मुश्किल रहा है, लेकिन हम इस पर विचार करेंगे। हम हर पहलू पर गौर करेंगे।” पंत आईपीएल 2026 में बल्ले से भी कुछ खास धमाल नहीं मचा पाए। उन्होंने 14 मैचों में 28.36 के औसत से 312 रन जुटाए, जिसमें एक अर्धशतकीय पारी है।





