रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 2 छक्के जड़ इतिहास रचा। 5 मैच की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में 135 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए हिटमैन ने 23 रनों की पारी खेली, इस पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके और इतने ही गगनचुंबी छक्के लगाए। न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 छक्के लगाते ही रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया। वह कीवी टीम के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब 50 ओवर क्रिकेट में 51 छक्के लगाए हैं। वह वनडे क्रिकेट में तीन विपक्षी टीमों के खिलाफ 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूससे बल्लेबाज बने हैं। उन्होंने इस मामले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
3 टीमों के खिलाफ रोहित शर्मा ने बनाया छक्कों का रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड तीसरी ऐसी टीम है जिसके खिलाफ रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। कीवी टीम के खिलाफ उनके 51 सिक्स हो गए हैं। इससे पहले हिटमैन ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ यह कमाल कर चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में रोहित ने सबसे अधिक 93 सिक्स लगाए हैं, जबकि श्रीलंका के खिलाफ उनके नाम 58 छक्के हैं।
रोहित शर्मा से पहले शाहिद अफरीदी के नाम 3 टीमों के खिलाफ 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड था। अब हिटमैन ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान की बराबरी कर ली है।
ODI में किसी विरोधी टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा छक्के
93 – रोहित शर्मा (v AUS)
85 – क्रिस गेल (v ENG)
63 – शाहिद अफरीदी (v SL)
58 – रोहित शर्मा (v SL)
53 – सनथ जयसूर्या (v PAK)
51 – शाहिद अफरीदी (v IND)
51 – रोहित शर्मा (v NZ)*
50 – शाहिद अफरीदी (v NZ)
शाहिद अफरीदी का एक रिकॉर्ड भी टूटा
रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ा है। अफरीदी के नाम कीवी टीम के खिलाफ वनडे में 50 छक्के लगाने का रिकॉर्ड था। वेलिंगटन वनडे से पहले रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 सिक्स लगाए थे, अब इन दो छक्कों के साथ हिटमैन 51 छक्कों के साथ लिस्ट में पहले पायदान पर पहुंच गए हैं।





