पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अपने कुछ पूर्व खिलाड़ियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कदम उठा सकता है। तेज गेंदबाज मोहम्मद इरफान समेत कई पाकिस्तानी क्रिकेट पर दो साल का बैन लग सकता है। पीसीबी पूर्व खिलाड़ियों के एशियन लीजेंड्स लीग (एएलएल) में खेलने से भड़क उठा है। जाम्बिया के लुसाका में आयोजित एएलएल अनधिकृत टूर्नामेंट है। जाम्बिया क्रिकेट यूनियन (ZCU) ने पिछले हफ्ते एक बयान में स्पष्ट किया कि लीग को उसने मंजूरी नहीं दी न ही समर्थन दिया गया था। यह जाम्बिया की ऑफिशियल गवर्निंग बॉडी है।
ये काम भी नहीं कर सकेंगे प्लेयर
पीसीबी ने अब एक बयान में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से जरूरी मंजूरी लिए बिना उस बिना अनधिकृत टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे। नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) के बिना खेलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें गैर मान्यता प्राप्त विदेशी लीग में भाग लेने पर दो साल का प्रतिबंध शामिल है। इसके साथ ही पीसीबी या पाकिस्तान सुपर लीग में दो साल तक क्रिकेट, कोचिंग, सलाहकार, मेंटोर या अन्य पद पर भी काम नहीं कर सकेंगे।
इन खिलाड़ियों ने नाम वापस लिए
क्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी मानता है कि नियम तोड़ा गया है। 30 जुलाई को शुरू हुए इस टूर्नामेंट में छह टीमें थीं, जिनमें से एक का पाकिस्तान पैंथर्स है। पाकिस्तान के कई नामचीन खिलाड़ियों के नाम पैंथर्स टीम में थे लेकिन कइयों ने नाम वापिस ले लिए। मोहम्मद हफीज, सोहेल तनवीर और उमर अकमल उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्हें लीग के लिए साइन किया गया था और वे हिस्सा लेने के लिए लुसाका पहुंचे थे। हालांकि, इन खिलाड़ियों आखिर में आईसीसी से मंजूरी न मिलने के बाद खेलने से मना कर दिया।
पीसीबी ऐसा करने वाले अकेल बोर्ड
मोहम्मद इरफान, इमरान नजीर, तौफीक उमर, राहत अली, यासिर शाह, जाहिद महमूद, हसन रजा और इबरार हुसैन ने 31 जुलाई को एक मैच खेला। एशियन लीजेंड्स लीग में इंडियन रॉयल्स, श्रीलंकाई लायंस, बांग्लादेश टाइगर्स, अफगानिस्तान पठान्स और एशियन स्टार्स जैसी टीमें थीं। हालांकि, पीसीबी अकेला ऐसा बोर्ड है, जिसने अपने खिलाड़ियों के हिस्सा लेने को सार्वजनिक तौर पर उल्लंघन बताया और कार्रवाई की चेतावनी दी। पीसीबी के बयान में कहा गया, ”पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, आईसीसी के नियमों को बनाए रखने और खेल की ईमानदारी और गवर्नेंस को सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।”
पाकिस्तान पैंथर्स: शरजील खान, कामरान अकमल, मोहम्मद हफीज, मोहम्मद इरफान, जुल्फिकार बाबर, राहत अली, हसन रजा, यासिर भट्ट, शोएब मलिक, उमर अकमल, इमरान नजीर, सईद अजमल, सोहेल तनवीर, यासिर शाह, नावेद-उल-हसन, राणा नईम अनवर।







