रायपुर। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में स्थानीय दर्शकों कों पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा जब भारत और जिम्बाब्वे होंगे आमने-सामने। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नई कप्तान स्मृति मंधाना की कप्तानी का पहला इम्तिहान रायपुर में होगा। साथ ही भारतीय टीम नए दौर की शुरुआत करेगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ 16 अक्टूबर से शुरू हो रही तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए मंधाना रविवार को सबसे पहले रायपुर पहुंचीं। पूरे मैच के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोनों टीमें 21 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे रायपुर से रवाना होंगी।
वे दोपहर करीब 3:30 बजे यहां आईं, बाकी टीम बाद में पहुंची। जिम्बाब्वे की टीम सोमवार, 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी। ये पहला मौका है जब दोनों देशों की महिला टीमें द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज में आमने-सामने होंगी। रायपुर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे।
* छह अभ्यास सत्र, 16 अक्टूबर को पहला मुकाबला
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहला टी20 मुकाबला 16 अक्टूबर, दूसरा 18 और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। तीनों मैच शाम 5 बजे से शुरू होंगे। भारतीय टीम सोमवार, 12 अक्टूबर से अभ्यास शुरू करेगी। पहले दो दिन शाम 6 से रात 9 बजे तक अभ्यास होगा।
14 अक्टूबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे और 15 अक्टूबर को शाम 6 से रात 9 बजे तक खिलाड़ी मैदान पर पसीना बहाएंगे।
पहले मैच के बाद 17 अक्टूबर को दोपहर 2 से शाम 5 बजे और दूसरे मैच के बाद 19 अक्टूबर को शाम 6 से रात 9 बजे तक अभ्यास निर्धारित है। इस तरह भारतीय टीम कुल छह अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम 13, 14, 15, 17 और 19 अक्टूबर को अभ्यास करेगी।




