अमलेश्वर। दुर्ग। भूटान के फुंटशोलिंग में 7 से 12 मई तक आयोजित ‘7वीं इंटरनेशनल कराटे मार्शल आर्ट प्रतियोगिता’ में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए छत्तीसगढ़ की बेटी ने परचम लहराया है।
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES), अमलेश्वर की कक्षा 9वीं की छात्रा कु. योगलता सोनवानी ने बालिका वर्ग के 47 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक (Gold Medal) प्राप्त किया है।
योगलता ने प्रतियोगिता के दौरान भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन अब मलेशिया में होने वाली आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है, जो देश और प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
छात्रा की इस ऐतिहासिक जीत पर विद्यालय की प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। घर वापसी पर रेलवे स्टेशन में गाजे-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।





