रायपुर। छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ द्वारा प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, पारंपरिक खान-पान एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम “माटी के स्वाद – स्वाभिमान के साथ” का आयोजन 10 मई को छत्तीसगढ़ी अग्रवाल भवन, पुरानी बस्ती, रायपुर में आयोजित किया गया।
इस आयोजन में शहर के पत्रकार एवं उनके परिवारजनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों एवं समाज को अपनी माटी, अपनी संस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली से जोड़ना है, ताकि आधुनिक जीवनशैली के बीच लोग अपने स्वास्थ्य और सांस्कृतिक मूल्यों के महत्व को पुनः समझ सकें।
छत्तीसगढ़िया पत्रकार महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपनी जड़ों और प्राकृतिक जीवनशैली से दूर होते जा रहे हैं। ऐसे समय में यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी पहचान, अपने स्वाभिमान और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता का एक सकारात्मक अभियान है। स्वास्थ्य जागरूकता को ध्यान में रखते हुए एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। जिसमें उपस्थित लोगों को स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुर्वेदिक परामर्श की सुविधा उपलब्ध थी। महासंघ के अनुसार, कार्यक्रम में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।









