विश्वविद्यालय की पहल: कौशल से उद्यमिता की ओर
सांकरा। पाटन। दुर्ग। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग, छत्तीसगढ़ के अंतर्गत संचालित पंडित किशोरीलाल शुक्ला उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, राजनांदगांव में एग्रीकल्चर काउंसिल आफ इंडिया के तत्वाधान में स्किल इंडिया डेवेलपमेंट एजेंसी के द्वारा विशेष कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम (स्किल डेवेलपमेंट ट्रेनिंग प्रोग्राम) का संचालन दिनांक 05/01/2026 से प्रारंभ किया गया है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महाविद्यालय के उद्यानिकी स्नातक के 25 विद्यार्थी पंजीकृत हुए जो नियमित रूप से कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपने कौशल को उन्नत कर रहे हैं ।
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ अमित दीक्षित जी ने कहा कि कौशल उन्नयन से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, वे आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी की नवीन तकनीकों से परिचित होंगे और भविष्य में समाज व राष्ट्र के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे। विश्वविद्यालय सदैव छात्रों के हित में ऐसे उपयोगी एवं रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 9 मॉड्यूल शामिल हैं, जिसके तहत कुल 480 घंटे का पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को पूरा कराया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को व्यावहारिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाना है, साथ ही आधुनिक कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में व्यावसायिक दक्षता प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य में और अधिक सक्षम बन सकें तथा वे अपना खुद का नया उद्यम शुरू करने के लिए भी प्रोत्साहित हो सके ।









