बालोद :- बालोद जिले में चलती गाड़ी में आगजनी का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक डोंगरगढ़ से मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे भक्तों की गाड़ी में भीषण आग लग गई। गाड़ी से धुआं उठते देख गाड़ी में सवार लोग तुरंत बाहर निकल गए। वहीं गाड़ी से उतरने के बाद कुछ ही मिनटों में गाड़ी पूरी तरह से आग की चपेट में आ गई।घटना बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम तरौद के पास की है। गाड़ी में सवार लोग कांकेर जिले के चरामा थाना क्षेत्र के ग्राम लखनपुरी के निवासी हैं। हादसे में 14 लोग बाल-बाल बच गए। इसमें 4 बच्चे भी शामिल थे। वहीं वाहन में आग लगता देख आने-जाने वाली राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई थी। आग लगने की सूचना के बाद बालोद थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। भीड़ को खाली करा कर आग बुझाने का प्रयास किया गया।
लोगों ने कहा- अभी घूमना बाकी था :-
वाहन सवार लोगों ने बताया कि समय रहते ही सभी लोग वाहन से उतर गए, जिसकी वजह से सभी की जान बच पाई। लोगों ने बताया कि उनका घूमना अभी बाकी था। सभी भक्त बालोद जिले और धमतरी जिले के रहने वाले हैं। सभी मंदिर भ्रमण को लेकर आगे बढ़े थे जहां रास्ते में यह घटना घटी। इसके बाद आगे की यात्रा करने के लिए सभी दूसरे वाहन से निकले। वाहन में आग लगता देख आने-जाने वाली राहगीरों की भारी भीड़ लग गई।
सामान-मोबाइल जलकर खाक :-
गाड़ी में आग लगने के बाद लोग जैसे-तैसे अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन उनका पूरा सामान-मोबाइल सब जलकर खाक हो गया। ड्राइवर की सूझ-बूझ ने लोगों की जान बचाई।









