रायपुर। आज 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं नवीन शासकीय महाविद्यालय, अमलीडीह रायपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पैरालीगल वॉलंटियर (PLV) मोहिनी दीप द्वारा विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय एवं महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया गया तथा संविधान के प्रति निष्ठा रखने, देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने और अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने की शपथ दिलाई गई।
PLV मोहिनी दीप ने विद्यार्थियों को बताया कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान का सम्मान करने, कानून के प्रति जागरूक रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, विधिक जागरूकता एवं लोकतांत्रिक भावना का विकास करना था।







