अमलेश्वर। दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल पर आंगनबाड़ी केंद्र कोस्टा तालाब और सारथी पारा में आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की खिलखिलाहट, खेलकूद और महिलाओं की सहभागिता ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
समारोह के दौरान गोदभराई, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता एवं बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया, वहीं खेल गतिविधियों में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती दिनेश्वरी तुरकर, पार्षद श्री ज्ञानेश्वर ताम्रकार, श्री शंभू पटेल , मितानिन श्रीमती सुनीता यादव, श्री मनोज सोनी एवं संजू शर्मा सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने भी आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई।
सेवा संकल्प समारोह के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों और परिवारों से जोड़ने के साथ स्वास्थ्य, पोषण, मातृत्व देखभाल और बाल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
बच्चों की खेलती-मुस्कुराती तस्वीरों के बीच कोस्टा तालाब और सारथी पारा में आंगनबाड़ी केंद्र सचमुच बच्चों के त्योहार के रंग में रंगे नजर आए।







