रायपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,रायपुर के मार्गदर्शन में पैरालीगल वॉलंटियर मोहिनी दीप द्वारा राज्य स्तरीय आदिवासी बालक छात्रावास पेंशनबाड़ा, रायपुर में नशा मुक्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम नागरिकों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर के दौरान मोहिनी दीप ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को बर्बाद करता है, बल्कि यह पारिवारिक कलह और समाज में होने वाले अपराधों का भी एक बड़ा कारण बनता जा रहा है। शराब, तंबाकू, गांजा या अन्य मादक पदार्थों के सेवन से युवा गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं और परिवार में आर्थिक बोझ का भी सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने नालसा (NALSA) की नशा उन्मूलन योजना के तहत मिलने वाली मुफ्त कानूनी सहायता और पुनर्वास (Rehabilitation) सुविधाओं के बारे में अवगत कराया और कानूनी प्रावधान (NDPS Act) तहत मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री या अवैध सेवन से जुड़े सख्त कानूनों और सजा के प्रावधान के बारे बताया। नशा पीड़ितों और उनके परिवारों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मुफ्त कानूनी सलाह और सहायता, जो लोग नशा छोड़ना चाहते हैं, उन्हें सरकारी नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों से जोड़ने की प्रक्रिया के बारे बताया। अंत में उपस्थित सभी को नशा न करने और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ दिलाई । राष्ट्रीय नशा मुक्ति हेल्पलाइन नंबर (14446) और विधिक सहायता हेल्पलाइन (15100) की जानकारी दी।







