अमलेश्वर। भिलाई-3 (दुर्ग)। श्रीराम जन्मोत्सव समिति, भिलाई-3 के तत्वावधान में आज 19 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक चार दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन के प्रचार-प्रसार हेतु तैयार किए गए पोस्टर का विमोचन दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल के करकमलों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समिति के अध्यक्ष गुलशन ढिंढे ने बताया कि चार दिवसीय कथा का शुभारंभ 19 नवंबर को एक भव्य कलश यात्रा के साथ होगा, जिसमें क्षेत्र की लगभग 500 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर शामिल होंगी। आयोजन के तहत कथावाचक आचार्य हरीश जी को श्रीफल भेंट कर कथा वाचन हेतु सादर आमंत्रित किया गया। क्षेत्रवासियों को आचार्य हरीश जी के मुखारविंद से भगवान श्रीराम की पावन कथा का रसपान करने का अवसर प्राप्त होगा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करें और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का प्रयास करें, क्योंकि यह मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है और दोबारा नहीं मिलता।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा जिला महामंत्री प्रेमलाल साहू, ओबीसी मोर्चा उपाध्यक्ष रामकुमार साहू, समिति की महिला अध्यक्ष विनीता शिंदे, कोषाध्यक्ष अमर साहू, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष छन्नू बंजारे, अवध साहू, गणपत साहू, गरीबा साहू सहित समिति के समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित थे।







