अमलेश्वर। पाटन। पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जमराव में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश से प्रभावित परिवारों का हालचाल जानने दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ग्राम जमराव पहुंचे। उन्होंने सरपंच एवं ग्रामीणों के साथ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि भारी बारिश के कारण ग्राम जमराव में 42 मकान प्रभावित हुए हैं, जबकि 224 परिवारों को विस्थापित होकर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा है। ग्राम पंचायत द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए स्कूल में अस्थायी आश्रय स्थल बनाया गया है, जहां उनके रहने सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
इस दौरान एक परिवार का मकान पानी के तेज बहाव में पूरी तरह बह गया। सांसद विजय बघेल ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा प्रशासन से आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बारिश की स्थिति को देखते हुए सांसद ने एसडीएम को ग्राम जमराव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने और मौके की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने भी प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ प्रशासन और जनप्रतिनिधि पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़े हैं। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के प्रतिनिधिगण , भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश, जनपद सदस्य राकेश साहू, कामिनी साहू, पंचगण, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एवं युवा साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







