रायपुर। राजधानी रायपुर में मंत्रालय के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन अब लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। खराब बस को धक्का मारकर मंत्रालय तक पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद अब उसी बस में आग लगने की घटना ने कर्मचारियों की नाराजगी और बढ़ा दी है। अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर कर्मचारी आज मंत्रालय के मुख्य द्वार पर बैठ गए और सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करते नजर आए।कर्मचारियों के मुताबिक, कुछ समय पहले खराब हालत में चल रही बस को कर्मचारियों ने धक्का मारकर मंत्रालय तक पहुंचाया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो के बाद बसों की स्थिति और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे।
इसके बाद मंगलवार को अचानक इसी बस में आग लगने की घटना सामने आई। कर्मचारियों का कहना है कि घटना की जानकारी उसी दिन शासन को दी गई, लेकिन उनकी शिकायतों और समस्याओं को लेकर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
बस में आग लगने की घटना के बाद कर्मचारियों का आक्रोश अब सड़क तक पहुंच गया है। बुधवार को कर्मचारियों ने मंत्रालय के मुख्य गेट के सामने बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। कर्मचारियों ने इसे शांतिपूर्ण विरोध का तरीका बताते हुए शासन से उनकी समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि खटारा और खराब बसों में सफर करना उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसके अलावा वे अपनी अन्य लंबित मांगों और समस्याओं के निराकरण की भी मांग कर रहे हैं। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि कई बार समस्याओं से शासन-प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन समाधान नहीं होने से उन्हें इस तरह शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करना पड़ रहा है। हनुमान चालीसा पाठ के जरिए कर्मचारियों ने शासन को ‘सद्बुद्धि’ देने की बात कही।







