दुर्ग, मुख्य सचिव श्री विकासशील ने आज विडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से कलेक्टर्स और कमिश्नर की बैठक लेकर सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में संभाग आयुक्त श्री एस.एन. राठौर, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, नगर निगम भिलाई की आयुक्त सुश्री सुरूचि सिंह, नगर निगम दुर्ग की आयुक्त सुश्री लीना कोसम, नगर निगम रिसाली की आयुक्त श्रीमती मोनिका वर्मा, नगर निगम भिलाई-3 चरोदा की आयुक्त श्री दशरथ राजपूत, अपर कलेक्टर श्री हरवंश सिंह मिरी एवं श्रीमती सिल्ली थामस सहित अभियान से जुड़े विभागों से नोडल अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य सचिव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल एक आयोजन के रूप में नहीं लेकर उसे जनभागीदारी और एक दूसरे की संस्कृति को मजबूत करने के अवसर के रूप में लिया जाना चाहिए। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि जिले में अभियान की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आयोजित करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों, स्वयं सेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा के दौरान सेवा मेरा योगदान के तहत विभिन्न गतिविधियां, देह दान, अंग दान करने वाले परिवारों का सम्मान, हरित छत्तीसगढ़ अभियान को एक पेड़ मां के नाम के साथ शामिल कर पौधरोपण किये जाने, सेवा मेरा योगदान उत्सव को सेवा संकल्प एवं योगदान उत्सव के रूप में मनाये जाने, सेवा सेतु शिविरों में आवेदन का समयबद्ध निराकरण आदि की समीक्षा के साथ कलेक्टरों को अभियान का प्रभावी नेतृत्व करने निर्देशित किया गया।







