अमलेश्वर। भिलाईनगर । भिलाई-3 के सिरसा गेट अंडरब्रिज में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बुलेट सवार 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की बुलेट अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी जान चली गई। मृतक की पहचान ग्राम सोमनी निवासी करण वर्मा (21) के रूप में हुई है।
बताया गया कि करण कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था और दो भाइयों में छोटा था। सोमवार सुबह वह अपनी बुलेट से भिलाई-3 आया था। यहां कुछ खरीदारी करने के बाद वह वापस अपने गांव सोमनी लौट रहा था। इसी दौरान सिरसा गेट अंडरब्रिज में उसकी बुलेट अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। करण असंतुलित होकर सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल करण को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुरानी भिलाई पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत पैकरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
15 दिन पहले दादा का भी हुआ था निधन
करण की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है। बताया गया कि उसके पिता रामकिशन पुरेना स्थित एनएसपीसीएल पावर प्लांट में कार्यरत हैं। परिवार के लिए यह हादसा इसलिए भी बेहद दुखद है क्योंकि करीब 15 दिन पहले ही करण के दादा का निधन हुआ था। दादा के निधन के कुछ ही दिनों बाद घर के युवा सदस्य की सड़क हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।







