अमलेश्वर। जिला पंचायत दुर्ग में 16वें वित्त आयोग की राशि के आबंटन को लेकर विशेष सामान्य सभा आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा सदस्यों को राशि आबंटन की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान राशि के उपयोग और क्षेत्रवार विकास कार्यों को लेकर सदस्यों के बीच चर्चा हुई। भाजपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, उपाध्यक्ष पवन शर्मा, सभापति नीलम चंद्राकर, कल्पना साहू, श्रद्धा साहू, जितेंद्र यादव और प्रिया साहू ने 16वें वित्त की राशि को अपने-अपने क्षेत्रों के ग्रामों में विकास एवं मूलभूत कार्यों के लिए उपयोगी बताते हुए प्रस्ताव का समर्थन किया। वहीं कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू, देवेंद्र चंद्रवंशी, आशा मिश्रा, नोमीन ठाकुर और उषा सोनी ने राशि को नाकाफ़ी बताते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसको लेकर जिला पंचायत की सामान्य सभा में राजनीतिक मतभेद भी सामने आए।
जिला पंचायत सभापति नीलम राजेश चंद्राकर ने कहा कि 16वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि का उपयोग जिला पंचायत क्षेत्रों में आवश्यक एवं मूलभूत विकास कार्यों के लिए किया जा सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिलेगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग दुबे, उपसंचालक दीप्ति साहू सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।







