अमलेश्वर/भिलाई। दुर्ग जिले के स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में खड़ी गाड़ी से कॉपर युक्त केबल वायर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 35 हजार रुपये कीमत का चोरी गया केबल वायर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी सुधांशु शाह ने शिकायत दर्ज कराई कि सुबह करीब 5 बजे उनकी खड़ी गाड़ी में रखा कॉपर युक्त केबल वायर अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर सुपेला थाना की स्मृतिनगर चौकी में अपराध क्रमांक 1615/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही अजय साहू (22 वर्ष), निवासी गौतम नगर, सुपेला से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की। इसके बाद चोरी गया केबल वायर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।





