अमलेश्वर। जमराव। तीजा पर्व के अवसर पर ग्राम जमराव में इस वर्ष छठवां तीजा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। ग्राम के बाजार चौक में 14 सितंबर, सोमवार को दोपहर 2 बजे से विशेष खेल महोत्सव का आयोजन किया गया है। आयोजन में गांव की महिलाओं एवं बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
महोत्सव में कुर्सी दौड़, आलू दौड़, गोली-चम्मच दौड़, सुई-धागा दौड़, नारियल फेंक, मटकी फोड़, फुगड़ी और गेड़ी दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। प्रतियोगिताओं में केवल महिलाएं एवं बच्चे ही भाग ले सकेंगे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सरपंच जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर तथा विशेष अतिथि उपसरपंच लेखराज निषाद होंगे। कार्यक्रम में पंचगण, ग्राम प्रमुख एवं ग्रामवासी भी उपस्थित रहेंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रत्येक प्रतिभागी को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा, वहीं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को विशेष पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रवेश पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
आयोजकों ने ग्राम की सभी माता-बहनों एवं बच्चों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।







