रायपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. विमल चोपड़ा को भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और चिकित्सा जगत से जुड़े समर्थकों में भारी उत्साह है। मनोनयन के पश्चात प्रथम नगर आगमन पर डॉ. विमल चोपड़ा का भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘कुशाभाऊ ठाकरे परिसर’ में भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत समारोह के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें इस नई और अहम जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. विमल चोपड़ा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा, “संगठन ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करूंगा। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य राज्य के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा सरकार की जन-कल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से लागू कराना होगा।”
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि डॉ. विमल चोपड़ा के कुशल नेतृत्व और लंबे राजनीतिक व सामाजिक अनुभव का लाभ चिकित्सा प्रकोष्ठ को मिलेगा, जिससे प्रदेश भर में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अभियानों को नई गति प्राप्त होगी।
कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, डॉ प्रदीप चौधरी (प्रदेश सह- संयोजक), डॉ उत्कर्ष त्रिवेदी (प्रदेश सह संयोजक) श्री आशुतोष द्विवेदी (प्रदेश मीडिया प्रभारी), डॉ जे.पी.शर्मा (पूर्व प्रदेश प्रभारी एवं उपाध्यक्ष आर.डी . ए.) एवं डॉ अखिलेश दुबे सहित जनप्रतिनिधि, चिकित्सा प्रकोष्ठ के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







