अमलेश्वर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (SAGES) अमलेश्वर के विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के पावन अवसर पर सामाजिक, पर्यावरण संवेदनशीलता और सुरक्षा जागरूकता की एक अनूठी मिसाल पेश की।विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक एवं पुलिस स्टाफ को रक्षासूत्र बांधकर उनकी दीर्घायु एवं सुरक्षा की कामना की। विद्यार्थियों ने समाज की सुरक्षा में दिन-रात तत्पर रहने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक ने बच्चों के इस स्नेह की सराहना करते हुए उनकी सुरक्षा का भरोसा दिया और उपहार स्वरूप उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए साइबर जागरूकता की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ओटीपी/पासवर्ड साझा न करने तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन (1930) पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में जागरूक किया और सतर्क रहने की सलाह दी। तत्पश्चात, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यार्थियों ने प्राचार्य निवेदिता ठाकुर के मार्गदर्शन में विद्यालय परिसर एवं आसपास के वृक्षों को भी राखी बांधी तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस गरिमामय कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।







