अमलेश्वर। सांकरा। दुर्ग। महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग में विद्यार्थियों की सेमेस्टर फीस में की गई 8 प्रतिशत वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा प्रदर्शन किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा एमएससी एवं पीएचडी के विद्यार्थियों की सेमेस्टर फीस में वृद्धि की गई थी, जिसके चलते एमएससी के विद्यार्थियों पर प्रति सेमेस्टर लगभग 1,200 रुपये तथा पीएचडी के विद्यार्थियों पर लगभग 2,200 रुपये का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा था।
अभाविप रायपुर महानगर मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों पर पड़ रहे इस अतिरिक्त आर्थिक बोझ को लेकर परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए फीस वृद्धि में कटौती की मांग की। परिषद के प्रदर्शन एवं विरोध के पश्चात कुलपति ने फीस वृद्धि को 8 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत करने का आश्वासन दिया। इस प्रकार फीस वृद्धि में 3 प्रतिशत की कटौती किए जाने की बात कही गई है।
कुलपति के आश्वासन के अनुसार आगामी सेमेस्टर से विद्यार्थियों से 5 प्रतिशत बढ़ी हुई दर के आधार पर सेमेस्टर शुल्क लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय इकाई मंत्री श्रीकांत साहू ने कहा कि विद्यार्थी हितों से जुड़े विषयों पर परिषद सदैव मुखर होकर आवाज उठाती रही है। विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक भार न पड़े, इसके लिए परिषद निरंतर प्रयासरत है। परिषद विद्यार्थियों के हितों से जुड़े प्रत्येक विषय पर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदर्शन के दौरान हिमांशु, रमन, सौरभ, सोम, पीयूष, दीपक,अमरजीत, प्रांजल,ओजेश सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







