स्वतंत्रता दिवस पर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सांकरा में गरिमामय ध्वजारोहण
अमलेश्वर। दुर्ग। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर उद्यानिकी महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, सांकरा, दुर्ग में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में माननीय कुलपति द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर माननीय कुलपति ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। विद्यार्थियों को देश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने तथा शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार के माध्यम से समाज एवं किसानों के हित में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि उद्यानिकी एवं वानिकी के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक, अनुसंधान एवं कौशल विकास के माध्यम से युवा इस क्षेत्र में रोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित कर सकते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने तथा किसानों एवं समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
समारोह में विष्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, महाविद्यालय के प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर तिरंगा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।





