रायपुर। तेलंगाना से एक नवजात शिशु को उसके माता-पिता के द्वारा एक लाख रुपये में बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआई दर्ज की है. राहत की बात यह है कि बच्चे को सकुशल बचा लिया गया है। पुलिस ने बताया कि तेलंगाना के महबूबनगर जिले में कथित तौर पर माता-पिता द्वारा एक लाख रुपये में बेचे गए एक महीने के बच्चे को बचा लिया गया है। इस संबंध में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिले के तेलुगुगुडेम गांव में हुई है. इंटीग्रेटेड चाइल्ड डेवलपमेंट सर्विसेज़ के एक अधिकारी की शिकायत पर, 17 जुलाई को नवजात शिशु को खरीदने वाले व्यक्ति और एक बिचौलिए के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस की एक टीम ने महबूबनगर शहर में खरीदार के पास से बच्चे को बचाया और उसे चाइल्ड वेलफेयर कमिटी को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर मालूम होता है कि बच्चा जून में पैदा हुआ था. इसके माता-पिता एक मजदूर फैमली से आते हैं. आरोप है कि उन्होंने लगभग दो हफ्ते पहले एक बिचौलिए के जरिए नवजात शिशु को बेच दिया था। पुलिस ने बताया कि उस कपल के पहले से ही दो बेटे और एक बेटी हैं और उनके बच्चे को “बेचने” की असल वजहों की जांच की जा रही है. पुलिस ने आगे बताया कि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।





