अमलेश्वर। दुर्ग। भिलाई के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे मृतका की रूममेट ने उसके परिजनों को सूचना दी कि खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है।
परिजन और आसपास के लोगों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपराध क्रमांक 285/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष), निवासी सकरी वार्ड क्रमांक-12, बजरंग चौक, थाना सिटी कोतवाली, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 11 जुलाई को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। जब युवती ने उससे बातचीत करने और संबंध रखने से इनकार कर दिया, तो उसने पहले से योजना बनाकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, आरोपी रायपुर से भिलाई धारदार हथियार लेकर पहुंचा था। अपनी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से उसने दो शर्ट पहनी थीं तथा पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था। किराये के कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पहले युवती का गला दबाया और फिर धारदार हथियार से शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए साक्ष्य नष्ट करने का प्रयास किया। उसने घटना के समय पहने हुए कपड़े और जूते नदी में फेंक दिए, ताकि पुलिस को उसके खिलाफ कोई सबूत न मिल सके। हालांकि, पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते आरोपी ज्यादा देर तक बच नहीं सका। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। Also Read – अपोलो अस्पताल पर लापरवाही के आरोप, स्वास्थ्य विभाग की जांच शुरू 24 घंटे में आरोपी तक पहुंची पुलिस दुर्ग पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




