धमतरी। महज 48 घंटे के भीतर धमतरी पुलिस ने एक ऐसे अंधे कत्ल का खुलासा किया है, जिसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस हत्या के आरोप में मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार किया गया है। पूरा मामला कुरूद के बिरेझर चौकी क्षेत्र का है।
ग्राम गोजी में 29 जून को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर मामले की वैज्ञानिक और गहन जांच की गई। घटना स्थल के निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस को पता चला कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या थी।
पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि युवक की मौत गला दबाने और रस्सी से कसकर श्वास अवरुद्ध करने से हुई थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज की। पूछताछ के दौरान मृतक के भाई नरेश साहू और मां कमला बाई साहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।





