रायपुर। रायपुर पुलिस द्वारा ई-रिक्शा /ऑटो में क्यूआर कोड चस्पा करने की कार्यवाही को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से आज यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी में शाम 4:00 बजे से 5:00 बजे तक एक घंटे की बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बैठक में रायपुर शहर के समस्त यातायात थाना प्रभारी, उनके स्टाफ एवं क्यूआरटी (Quick Response Team) के सदस्यों को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विवेक शुक्ला पुलिस उपायुक्त यातायात कमिश्नरेट रायपुर द्वारा की गई, जिसमें श्री दौलत राम पोर्ते अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल, श्री सतीष कुमार ठाकुर, श्री गुरजीत सिंह एवं श्रीमती सीमा अहिरवार सहायक पुलिस आयुक्त यातायात भी उपस्थिति रहे।
बैठक के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-रिक्शाओं में क्यूआर कोड चस्पा करने की संपूर्ण प्रक्रिया, निर्धारित मानकों एवं आवश्यक शर्तों के संबंध में विधिवत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार संबंधित क्यूआर कोड को स्कैन कर ई-रिक्शा चालक से आवश्यक जानकारी प्राप्त करनी है तथा क्यूआर कोड को निर्धारित स्थान पर सही एवं सुरक्षित तरीके से चस्पा करना है।
इसके अतिरिक्त बैठक में विभिन्न यातायात संबंधी विषयों एवं जनसुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को थाना-वार QR कोड वितरित किए गए तथा उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित समय-सीमा 07 दिवस के भीतर कार्यवाही पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
रायपुर पुलिस द्वारा यह पहल ई-रिक्शा चालकों एवं वाहनों का व्यवस्थित डाटा संधारण, यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अपील:- यातायात पुलिस रायपुर समस्त ई रिक्शा एवं ऑटो चालक से अपील करती है कि जिनका पंजीयन पूर्व में हो चुका है उन्हें यातायात के अधिकारी कर्मचारियों द्वारा फोन किया जाएगा और जिस थाना में QR कोड के लिए बुलाया जाएगा वहां अपना वाहन लेकर जाना होगा एवं यातायात पुलिस द्वारा आपके वाहन नंबर एवं QR कोड में दिए गए वाहन नंबर का मिलान कर निःशुल्क QR कोड वाहन में चस्पा किया जाएगा , आशा है कि आप सभी यातायात पुलिस का इस नेक कार्य में भरपूर सहयोग करेंगे।





