अमलेश्वर। दुर्ग। शाला प्रवेशोत्सव के तहत शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के बोरसी स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, आदर्श कन्या शाला और जेआरडी विद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया तथा गणवेश और जूते वितरित किए।
इस दौरान मंत्री ने अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों की नियमित पढ़ाई, शत-प्रतिशत उपस्थिति और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की पहली पाठशाला उनका परिवार होता है।
कार्यक्रम में स्मार्ट क्लास का लोकार्पण करते हुए मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बाद में वे क्लासरूम पहुंचे, बच्चों के बीच बैठकर उनसे संवाद किया, पहाड़े सुने और स्वयं भी सरल तरीके से पहाड़ा सिखाया। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।





