जगदलपुर। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने अपने जगदलपुर प्रवास के दौरान मंगलवार की शाम दलपत सागर के सामने नव निर्मित ’सेहत बाजार’ मिलेट्स कैफे का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उप मुख्यमंत्री श्री टी.एस. सिंहेदव सहित रागी पुड़ी, रागी दोसा, रागी ब्राउनी, रागी इडली एवं कोदो खीर का आनंद लिया। मुख्यमंत्री ने कैफे संचालक महिलाओं से चर्चा कर मिलेट्स से बने उत्पादों की सराहना की और उन्हें शुभकामना स्वरूप 5 हजार रूपए की राशि प्रदान की। सेहत बाजार का संचालन मॉम्स फूड संस्था जगदलपुर द्वारा किया जा रहा है। इस कैफे में जरूरतमंद महिलाएं जो पूर्व में टिफिन बनाने का कार्य किया जाता था उनके द्वारा संचालन किया जाएगा। ऐतिहासिक दलपत सागर के सामने पर्यटकों की सुविधा एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दंतेश्वरी मंदिर समिति द्वारा दुकान संचालन हेतु प्रदान किया गया है। इस कैफे में रागी चीला, रागी दोसा, रागी इडली, रागी उपमा, रागी पकोड़ा, रागी पूरी, रागी खिचड़ी, महुआ चाय, काढ़ा चाय इत्यादि पौष्टिक खाद्य सामग्री की सुविधा उपलब्ध होगी। लोगों के लिए यहां स्वाद और पौष्टिकता से भरपूर व्यजंनों की सुविधा भी उपलब्ध होगी।









