मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में लगातार हो रही चीतों की मौत के बाद बड़ा कदम उठाया गया है। कूनो नेशनल पार्क में बाड़े से निकालकर रेडियो कॉलर के साथ खुले जंगल में छोड़े गए चीतों को फिर से वापस बाड़े में लाने का काम शुरू हो गया है। अब तक छह चीतों को वापस बाड़े में लाया जा चुका है। इन चीतों के गले से रेडियो कॉलर को भी हटा दिया गया है। दरअसल कई विशेषज्ञों ने चीतों की मौत के लिए रेडियो कॉलर की वजह से चीतों की गर्दन में हुए घाव को जिम्मेदार माना था। पीसीसीएफ असीम श्रीवास्तव के अनुसार जिन तीन चीतों की गर्दन में संक्रमण हुआ था, वे उपचार के बाद स्वस्थ हो रहे हैं। 11 जुलाई को तेजस और 14 जुलाई को सूरज की मौत के बाद बाकी चीतों का हेल्थ चेकअप किया गया था। जिसमें से तीन चीतों की गर्दन में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। कूनो नेशनल पार्क प्रबंधन ने पांच दिनों में छह चीतों(पवन, शौर्य, गौरव, आशा, धीरा, गामिनी) को ट्रैंक्यूलाइज कर बाड़े में लाया गया है। एक और चीता निर्वा को भी बाड़े में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।









