अमलेश्वर। दुर्ग। अमलेश्वर–खुड़मुड़ा मार्ग पर देर रात असामाजिक तत्वों के जमावड़े और राहगीरों को रोकने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस मार्ग पर घर लौट रहे पत्रकार आनन्द राणा के साथ कथित तौर पर रोकने का प्रयास किया गया और उनके वाहन आगे बढ़ाने पर पीछे से गाली-गलौज एवं अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। मामले को लेकर पत्रकार ने अमलेश्वर थाने में लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, घटना 15 नवंबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे की है। पत्रकार आनन्द राणा अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास एक नीले रंग के ई-रिक्शा में 2-3 व्यक्ति मौजूद थे और झाड़ियों के पीछे से एक अन्य व्यक्ति निकलकर उनकी ओर आया और वाहन रोकने का प्रयास किया। अनहोनी की आशंका को देखते हुए पत्रकार ने वाहन नहीं रोका और तेजी से आगे निकल गए। इसके बाद पीछे से उनके साथ गाली-गलौज की गई।
पहले भी हो चुकी है रोकने की कोशिश
पत्रकार ने अपनी शिकायत में बताया कि इससे पहले भी इसी स्थान पर रात करीब 9:30 बजे स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार एक युवक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया था। लगातार दो बार एक ही स्थान पर इस तरह की घटनाएं सामने आने से उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई है कि देर रात इस मार्ग पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे आम राहगीरों के साथ भी अप्रिय घटना हो सकती है।
थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
मामले में अमलेश्वर थाना प्रभारी ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए घटना की जांच कराने और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की बात भी कही है।







