अमलेश्वर। ग्राम पंचायत जमराव के बाजार चौक में भव्य मातर मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर पारंपरिक संस्कृति, कला एवं आपसी भाईचारे का सुंदर संगम देखने को मिला।
समारोह में श्री जय बजरंग अखाड़ा कला एवं श्री लवकुश अखाड़ा कला के खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक एवं रोमांचक अखाड़ा कला का भव्य प्रदर्शन किया गया। कलाकारों ने अपने अद्भुत कौशल, शारीरिक दक्षता एवं शानदार करतबों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम को देखने के लिए ग्राम जमराव सहित आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में ग्रामीणजन पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस आयोजन से ग्रामीण अंचल की पारंपरिक संस्कृति एवं लोककलाओं को बढ़ावा मिला तथा आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक एकता का संदेश भी प्रसारित हुआ।
इस अवसर पर श्रीमती जागेश्वरी भेष कुमार सोनकर, सरपंच ग्राम पंचायत जमराव ने सभी कलाकारों, आयोजन से जुड़े सदस्यों एवं आसपास से पहुंचे समस्त ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं और विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।







