अमलेश्वर। पाहंदा। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत पाहंदा (अ) में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर प्रशासन ने विशेष सम्मिलन आयोजित करने का आदेश जारी किया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं विहित प्राधिकारी पंचायत पाटन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत भवन पाहंदा (अ) में सम्मिलन आयोजित किया जाएगा।

आवेदक गंगाराम पटेल एवं अन्य 16 पंचों द्वारा छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के प्रावधानों के तहत सरपंच राजेश्वर ठाकुर की पत्नी ईश्वरवती ठाकुर के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव की सूचना प्रस्तुत की गई है। इसी के आधार पर प्रशासन ने मतदान की तिथि निर्धारित की है।

सम्मिलन की अध्यक्षता के लिए अतिरिक्त तहसीलदार पाटन को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, सम्मिलन के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी अमलेश्वर को आवश्यक पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिव को भी आवश्यक सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। अब सबकी नजरें 4 नवंबर को होने वाले सम्मेलन के परिणाम पर टिकी हैं।








