रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 15 किलोग्राम गांजा के साथ एक महिला समेत तीन तस्करों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों में दो लोग मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं, जबकि महिला आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
ऐसे हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना गंज क्षेत्र के अंतर्गत तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास कुछ संदिग्ध लोग भारी मात्रा में गांजा लेकर खड़े हैं और इसे बेचने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल जोन) तारकेश्वर पटेल के मार्गदर्शन में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें मुस्तैदी से पकड़ लिया गया।
लाखों का गांजा बरामद
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गजेन्द्र पंचाल, नीरज तोमर और शबाना लोधी के रूप में हुई है। जब उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 14.970 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त किए गए मादक पदार्थों की बाजार में कीमत करीब 7,48,500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी इस खेप को पड़ोसी राज्य ओडिशा से लेकर आए थे और रायपुर में इसकी सप्लाई करने वाले थे। थाना गंज में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
महिला आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल महिला शबाना लोधी के बारे में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में पता चला है कि वह पहले भी महाराष्ट्र के नागपुर में नारकोटिक एक्ट से जुड़े एक मामले में जेल जा चुकी है।
राजस्थान से जुड़े हैं तार
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तस्करों का पूरा विवरण इस प्रकार है:
1. गजेन्द्र पंचाल (34 वर्ष), पुत्र स्व. निनुआराम, निवासी- सेवरखुर्द, थाना सेवर, जिला भरतपुर (राजस्थान)।
2. नीरज तोमर (21 वर्ष), पुत्र भगवत सिंह, निवासी- सेवरलाल मंदिर धोबी वाली गली, थाना सेवर, जिला भरतपुर (राजस्थान); हाल निवास- डोमन साहू का किराए का मकान, संतोषी नगर, तरुण मार्केट, सतनामीपारा, थाना टिकरापारा (रायपुर)।
3. शबाना लोधी (33 वर्ष), पत्नी नीरज तोमर, निवासी- डोमन साहू का किराए का मकान, संतोषी नगर, तरुण मार्केट, सतनामीपारा, थाना टिकरापारा (रायपुर)।
बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की तलाश जारी
पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि ओडिशा में इन तस्करों को गांजा किसने उपलब्ध कराया था (बैकवर्ड लिंकेज) और रायपुर में इसे किसे बेचा जाने वाला था (फॉरवर्ड लिंकेज)। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि रायपुर कमिश्नरेट में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 98 प्रकरणों में 215 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने इस दौरान कुल 7,33,84,820 रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की है।





