अमलेश्वर/दुर्ग। बोरिया गेट स्थित एटीएम मशीन तोड़कर रुपए चोरी करने का प्रयास करने वाले आरोपी को भट्टी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त ट्रक सहित अन्य सामग्री पुलिस ने जब्त की है।आरोपी सेक्टर 4 बोरिया गेट स्थित स्टेट बैंक के एटीएम मशीन में 21 अक्टूबर की रात्रि को चोरी करने के उद्देश्य से तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई थी। आरोपी ने आर्थिक तंगी के कारण एटीएम से रुपए चोरी करने का प्रयास करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
भट्ठी थाना पुलिस ने बताया कि 21 अक्टूबर की रात सेक्टर 4 बोरिया गेट स्थित स्टेट बैंक के एटीएम में अज्ञात व्यक्ति द्वारा रुपए चोरी करने के उद्देश्य से मशीन में तोड़फोड़ कर क्षति पहुंचाई गई थी। इस संबंध में प्रार्थी सुबधा कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पतासाजी की। संदेह के आधार पर आरोपी केसरा राम 28 वर्ष निवासी ग्राम भुनिया, पोस्ट भुनिया, थाना दनउ, जिला बाड़मेर राजस्थान को पकड़ कर पूछताछ में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक क्रमांक आर जे 47 जीए 3435 में चूना पाउडर लेकर राजस्थान से भिलाई स्थित बीएसपी आया हुआ था। माल खाली करने के बाद कंपनी के अगले आदेश की प्रतिक्षा के दौरान उसके पास रुपए समाप्त हो गए थे। इस दौरान उसने बोरिया गेट स्थित एटीएम से रुपए चोरी करने की नीयत से अपने ट्रक में रखे लोहे के राड एवं जैक राड से मशीन को तोड़ने का प्रयास किया था। रुपए नहीं निकलने पर एवं लोगों की आवाजाही होने पर मौके से भागकर वह ट्रक में जाकर छिप गया था। आरोपी को गिरफ्तार का न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।





