अमलेश्वर/दुर्ग। जिले में सूखे नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए दुर्ग पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में वैशाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दशहरा मैदान क्षेत्र से नशीली गोलियों की अवैध बिक्री कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 22 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दशहरा मैदान वैशाली नगर में दो व्यक्ति अल्प्राजोलम की नशीली गोलियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद थाना वैशाली नगर की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
89 गोलियां और 5 हजार नकद बरामद
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विनोद तिवारी (45) निवासी सावूदनगर, कैंप स्कूल के पास वार्ड-29 वैशाली नगर और अमित नाग उर्फ भांचा (28) निवासी पावर हाउस भिलाई के रूप में हुई है। तलाशी में विनोद के पास से 59 नग और अमित के पास से 30 नग कुल 89 अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की नशीली गोलियां बरामद हुईं। साथ ही बिक्री के 5000 रुपये नकद (विनोद से 3000, अमित से 2000) भी जब्त किए गए। पुलिस जब्ती दस्तावेज में स्कूटी क्रमांक CG 07 CD 6542 का भी उल्लेख है।
आदतन अपराधी निकले आरोपी
जांच में दोनों आरोपी आदतन अपराधी निकले। विनोद तिवारी के खिलाफ पहले से 3 NDPS एक्ट और एक चोरी का मामला दर्ज है, वहीं अमित नाग पर भी आर्म्स एक्ट और BNS के तहत मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना वैशाली नगर में अपराध क्र. 387/2026 धारा 8, 22(ख), 27(क) NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब इन गोलियों के सप्लाई चेन और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।





