अमलेश्वर। पाटन। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने शनिवार को पाटन क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों एवं दुर्गा पंडालों में पहुंचकर माता रानी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने ज्वाला मंदिर सोनपुर, महामाया देवी, काली मंदिर, अखरा दाई, चंडी देवी सहित नगर के दुर्गा पंडालों में देवी माँ की पूजा अर्चना कर दुर्ग संसदीय क्षेत्र सहित समस्त छत्तीसगढ़वासियों के सुख, समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर उन्होंने सनातन संस्कृति, नारी सम्मान और मातृशक्ति की महत्ता को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, सृजन और संस्कार का प्रतीक माना गया है। मां दुर्गा की आराधना हमें नारी शक्ति के सम्मान, समाज में सद्भाव और धर्म-संस्कृति के संरक्षण की प्रेरणा देती है।.उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर शक्ति, संयम और सद्भाव जागृत करने का अवसर भी है। सनातन परंपरा में मातृशक्ति का स्थान सर्वोपरि है। जिस समाज में माताओं और बहनों का सम्मान होता है, वहां संस्कार, संस्कृति और मानवीय मूल्यों की जड़ें मजबूत होती हैं।
सांसद ने समस्त प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए माता रानी से सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री जीतेन्द्र वर्मा,नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले,जिला पंचायत सभापति नीलम राजेश चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, मंडल अध्यक्ष रानी बंछोर,निशा सोनी, हर्षा चंद्राकर, नारद सेन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।





