अमलेश्वर। पाटन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग 2026’ कार्यक्रम का ब्लॉक स्तरीय आयोजन शासकीय चंदूलाल चंद्राकर स्नातकोत्तर महाविद्यालय पाटन में किया गया। विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, डिजिटल सेवाओं, महिला सुरक्षा और भारत की वैज्ञानिक-तकनीकी प्रगति को कलात्मक रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नंदा गुरुवारा के मार्गदर्शन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आयोजित हुआ। कार्यक्रम में नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष सोनी सहित नगर पंचायत के सदस्य एवं अमलेश्वर नगर पंचायत अध्यक्ष दयानंद सोनकर उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ. नंदा गुरुवारा ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई रंगोली की सराहना करते हुए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से विद्यार्थियों को जोड़ने का आह्वान किया। वहीं नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले एवं अमलेश्वर अध्यक्ष दयानंद सोनकर ने भारत की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भारतमाला परियोजना, आंतरिक एवं बाह्य सुरक्षा की मजबूती तथा सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर विचार रखे।
रंगोली के प्रथम भाग में विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को केंद्र में रखते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, मेक इन इंडिया, ऊर्जा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पोषण अभियान, पीएम किसान निधि तथा खेलो इंडिया जैसे विषयों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। रंगोली को गेंदे एवं गुलाब के फूलों, अशोक की पत्तियों तथा सजावटी गमलों से सजाया गया। रंगोली के दूसरे हिस्से में भारत की डिजिटल सेवाओं को प्रमुखता दी गई। इसमें डिजिटल साक्षरता, भीम ऐप, रुपे कार्ड, यूपीआई, कॉमन सर्विस सेंटर, आधार कार्ड तथा डिजिटल बुनियादी ढांचे के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत की प्रगति को चित्रित किया गया। छत्तीसगढ़ की पहचान धान और चावल सहित विभिन्न रंग-बिरंगे अनाजों का उपयोग भी कलाकृतियों में किया गया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा एवं नारी सम्मान का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। ‘शिक्षित बेटी, समृद्ध समाज’ के संदेश के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसर जैसे विषयों को दीपक की आकृति के माध्यम से प्रदर्शित करते हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को प्रमुखता दी गई। इसके लिए विभिन्न प्रकार की दालों और रंगीन चावलों का प्रयोग किया गया।
रंगोली के केंद्र में विज्ञान एवं तकनीकी विकास के साथ कन्या भ्रूण सुरक्षा, कन्या शिक्षा, कन्या विद्यालय तथा ‘सुरक्षित बेटी, सक्षम समाज’ जैसे संदेशों को उकेरा गया। विभिन्न रंगों के चावल, गेहूं, रंगीन पत्तियों और फूलों की पंखुड़ियों से तैयार यह रंगोली विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सामाजिक संदेशों का संयोजन रही।
आयोजन के दौरान नगर पंचायत के सदस्य, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, पाटन नगर के वरिष्ठ नागरिक तथा आसपास के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार रंगोली और उसमें समाहित सामाजिक एवं विकासपरक संदेशों की सराहना की।







