दो लोगों ने देहदान, चार ने नेत्रदान और
छह लोगों ने रक्तदान का लिया निर्णय
अमलेश्वर। सेवा सेतु अभियान के तहत अमलेश्वर पालिका ने स्थित तुलसी भवन में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 144 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 140 आवेदनों का मौके पर ही तत्काल निराकरण किया गया।
सरकारी विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आमजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर निराकरण किया।
शिविर में स्वामित्व योजना के लाभान्वित हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख, निःशुल्क खसरा-बी-1, वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृति कार्ड, श्रमिक कार्ड, राशन कार्ड एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना से संबंधित कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं के प्रमाण पत्र एवं जानकारी प्रदान की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण किट का वितरण किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क दवाइयों का वितरण करने के साथ आयुष्मान कार्ड सहित स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सेवा के साथ समाजहित का संकल्प भी
सेवा सेतु शिविर में सेवा संकल्प एवं मेरा संकल्प अभियान का भी प्रेरणादायी स्वरूप देखने को मिला। नगर पालिका परिषद अमलेश्वर की एल्डरमैन श्रीमती लक्ष्मी देवांगन ने देहदान का संकल्प लिया। वहीं कुशालपुर, रायपुर निवासी विजय लक्ष्मी यादव ने भी देहदान का संकल्प लिया। इसके साथ ही चार लोगों ने नेत्रदान तथा छह लोगों ने रक्तदान का संकल्प लिया। जनहित एवं समाजसेवा से जुड़े इन संकल्पों की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सभापति श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर, मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, जनपद सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, नगर पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, भाजपा मंडल महामंत्री कैलाश यादव, सांसद प्रतिनिधि नगर पालिका परिषद अमलेश्वर कुलदीप बैसवाड़े, पार्षद राजू सोनकर, डॉ. आलोक पाल, श्रीमती ललिता कुमार साहू, एल्डरमैन सुनील शर्मा, श्रीमती भारती यादव, श्रीमती लक्ष्मी देवांगन, भाजपा नेता धर्मेंद्र सोनकर, जनपद सदस्य दामिनी राकेश साहू, गायत्री साहू, मधु कांता साहू, परदेसी, रेणुका गजेंद्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर की संपूर्ण व्यवस्था नगर पालिका परिषद अमलेश्वर के प्रभारी सीएमओ हेमंत वर्मा के मार्गदर्शन में उप अभियंता ढालेंद्र ठाकुर, सचिन नासरे, राहुल शुक्ला, अतीक खान सहित अन्य कर्मचारियों द्वारा की गई। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मोहित शर्मा ने किया।







